11वीं-12वीं के रजिस्ट्रेशन विवरण में त्रुटि सुधार के लिए HPBOSE ने छात्रों को दिया 25 नवंबर तक का समय

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 16-11-2026

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा जमा एक एवं जमा दो के विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में आवश्यक संशोधन करने हेतु ऑनलाइन पोर्टल 17 नवंबर, 2026 से 25 नवंबर, 2026 तक उपलब्ध रहेगा।

डॉ. शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा पूर्व में जारी अधिसूचना के क्रम में अब कक्षा जमा एक एवं जमा दो के विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में संशोधन की सुविधा भी संबंधित विद्यालयों को प्रदान की जा रही है। इसके अंतर्गत विद्यालय विद्यार्थियों के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, लिंग, जन्मतिथि, श्रेणी एवं विषयों से संबंधित विवरण में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उक्त संशोधन केवल संबंधित विद्यालयों के माध्यम से बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित अवधि के दौरान ही किए जा सकेंगे। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण का सावधानीपूर्वक मिलान करें तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक संशोधन करना सुनिश्चित करें। संशोधन मैट्रिक परीक्षा के अभिलेख के आधार पर किए जाएंगे।

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संस्थान प्रमुखों से आग्रह किया कि वे इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि विद्यार्थियों के पंजीकरण विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि शेष न रहे।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए संबंधित विद्यालय बोर्ड मुख्यालय के दूरभाष नंबर 01892-242139 (मंडी, लाहौल-स्पीति), 242140 (कांगड़ा), 242141 (शिमला, किन्नौर, हमीरपुर), 242142 (चंबा, बिलासपुर, कुल्लू) तथा 242150 (ऊना, सोलन, सिरमौर) पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *