कालाअंब में बेकाबू टिप्पर ने रौंदे HRTC बस और कई वाहन, एक घायल

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 14-03-2026

सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शुक्रवार देर रात एक बेकाबू टिप्पर ने भारी तबाही मचाई। बजरी से भरे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने सड़क किनारे खड़े और चल रहे आधा दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक एचआरटीसी बस, दो ट्रक, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

शिकायतकर्ता कपिल (निवासी गांव मईला, संगड़ाह) ने पुलिस को बताया कि वह अपने ट्रक (HP17J-8232) में चंडीगढ़ से टाइलें लोड कर हरिपुरधार की ओर जा रहा था। रात करीब 10:20 बजे जब वह कालाअंब चौक के पास पहुंचा, तो पीछे से आए एक तेज  रफ्तार  टिप्पर (HR58E-6503) ने ओवरटेक करने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया।  टिप्पर ने पहले कपिल के ट्रक और एक अन्य ट्रक (HP17E-3991) को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू टिप्पर ने पास से गुजर रही एचआरटीसी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे की चपेट में आने से ड्यूटी कर घर लौट रहा एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका पैर टूट गया है। उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।  टिप्परकी रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी और आसपास की दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि  टिप्पर चालक शायद नशे की हालत में था, जिस कारण यह बड़ा हादसा पेश आया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना कालाअंब की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया। पुलिस ने आरोपी टिप्पर  चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा वाहनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *