रिपब्लिक भारत न्यूज़ 13-03-2026
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बाईपास पर स्थित एक होटल में पुलिस ने बड़ी छापेमारी की । पुलिस ने होटल के कमरे में दबिश देकर 5 युवकों को चिट्टे (हेरोइन) की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी मुताबिक SIU टीम को सूचना मिली थी कि बाईपास स्थित एक होटल में कुछ युवक नशीले पदार्थों के साथ ठहरे हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने होटल के संबंधित कमरे में अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद पांचों युवकों के कब्जे से 21.18 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से 4 युवक हरियाणा के रहने वाले हैं, जबकि 1 युवक स्थानीय सोलन का निवासी है। इस बरामदगी से क्षेत्र में नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और सोलन में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। साथ ही, पुलिस इन सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
