शिलाई के वनों को खत्म करने में लगी प्रदेश सरकार – अक्षय ठाकुर
रिपब्लिक भारत न्यूज़ 18-03-2026

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा कुलपति भवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया जिसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में 300 से अधिक चीड़ के पेड़ों के अवैध कटान मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए विद्यार्थी परिषद ने पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के इकाई उपाध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने बयान जारी करते हुए कहा की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की जाए, ताकि इसमें संलिप्त बड़े अधिकारियों और ‘वन माफिया’ का चेहरा सामने आ सके। केवल छोटे कर्मचारियों को निलंबित कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। विद्यार्थी परिषद ने मांग करती है कि इसमें संलिप्त सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
विद्यार्थी परिषद का सवाल है कि एसडीएम कार्यालय और पुलिस थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर दिन-दहाड़े पेड़ों की कटाई कैसे होती रही और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। एक तरफ सरकार पर्यावरण हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह का अवैध कटान पर्यावरण के प्रति बेहद चिंताजनक संकेत है।
इकाई उपाध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी परिषद जल, जमीन, जंगल, जीव एवं जानवर को पर्यावरण का एक अहम अंग मानती है जिसके कल्याण के लिए विद्यार्थी परिषद ने विकासार्थ विद्यार्थी जैसे आयाम का निर्माण किया है। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए और दोषियों को नहीं पकड़ा, तो परिषद आने वाले समय में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
