29 मार्च को होंगे राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला सिरमौर के ट्रायल 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 25-03-2026

सिरमौर जिला बास्केटबॉल संघ के महासचिव राकेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता (लड़के व लड़कियां) के लिए जिला सिरमौर की टीम का चयन किया जाना है। इसके लिए खिलाड़ियों के ट्रायल 29 मार्च को सुबह 10:00 बजे नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने  बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक जिला हमीरपुर के भरेड़ी में किया जा रहा है। इसी प्रतियोगिता में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

ट्रायल में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनका जन्म 1 जनवरी 2008 के बाद हुआ हो। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि सभी खिलाड़ी अपने साथ आयु प्रमाण पत्र जरूर  लेकर आएं।

खिलाड़ियों के चयन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। ट्रायल के दौरान चयन समिति के अध्यक्ष व बास्केटबॉल कोच अभय सिंह, गुरनाम सिंह, इकबाल कौर, सचिन, मोहित सैनी, वैदिक, विजय सिंह, विवेक पाल और संजीव शर्मा उपस्थित रहेंगे, जो खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखकर टीम का चयन करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *