रिपब्लिक भारत न्यूज़ 25-03-2026
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। बोर्ड न केवल उद्योगों, बल्कि घरेलू उपभोक्ताओं को भी नहीं बक्शा है, जिसके परिणामस्वरूप बोर्ड को 1.49 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रिकवरी करने में सफलता मिली है।

विद्युत उपमंडल कालाअंब के तहत आने वाले कई उपभोक्ता लंबे समय से बिलों की अदायगी में कोताही बरत रहे थे। विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए 16 औद्योगिक इकाइयों और 52 घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। इस कार्रवाई के तुरंत बाद डिफाल्टरों ने बकाया राशि जमा करवाई, जिसमें उद्योगों से 1.35 करोड़ रुपये और घरेलू उपभोक्ताओं से 14 लाख रुपये की वसूली हुई।

सहायक अभियंता ई. महेश चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 1.49 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूल कर ली गई है। उन्होंने जानकारी दी कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे, उनके द्वारा भुगतान किए जाने के बाद बिजली की आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई है।
ई. महेश चौधरी ने उपभोक्ताओं को सचेत करते हुए अपील की है कि वे भविष्य में किसी भी अप्रिय कार्रवाई और असुविधा से बचने के लिए अपने बिजली बिलों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिल जमा न करने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
