मांगे पूरी होने तक रहेगा आंदोलन जारी
रिपब्लिक भारत न्यूज़ 11-08-2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के मंत्री सुशील शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में फ़ीस वृद्धि के विरोध और छात्र संघ चुनाव (SCA) बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय इकाई द्वारा शुरू की गई क्रमिक भूख हड़ताल लगातार जारी है।
आज इस क्रमिक भूख हड़ताल के आठवें दिन 24 घंटे विश्वविद्यालय विस्तारक राकेश नाथ जी और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमन अदिति जी ने सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके उपरांत, आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए नौवें दिन इकाई कार्यकर्ता रिया जी और शोध इकाई कार्यकर्त्ता रितेश जी अगले 24 घंटों के लिए क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।विद्यार्थी परिषद का कहना है कि प्रशासन लगातार छात्र विरोधी नीतियां अपना रहा है।
इकाई मंत्री सुशील शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि भारी फ़ीस वृद्धि से आम परिवारों के छात्रों के लिए शिक्षा पाना कठिन होता जा रहा है। इसके साथ ही, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्र संघ चुनाव बहाल करना बेहद जरूरी है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा।
