ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सेना के शौर्य का उपहास दुर्भाग्यपूर्ण, मंत्री जगत सिंह नेगी देश से मांगें सार्वजनिक माफी : डॉ. सन्नी शुक्ला 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 19-11-2026

 

भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष *डॉ. सन्नी शुक्ला* ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर और राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और देश की सामरिक क्षमता से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। देश की सुरक्षा और सेना के सम्मान से जुड़े विषय किसी राजनीतिक दल की विचारधारा अथवा सत्ता-विपक्ष की बहस से ऊपर हैं।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ इच्छाशक्ति, सैन्य सामर्थ्य और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की निर्मम हत्या के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने जिस साहस, रणनीतिक दक्षता और अनुशासन के साथ कार्रवाई की, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। ऐसे संवेदनशील सैन्य अभियान पर सदन के भीतर यह कहना कि पाकिस्तान के बजाय भारत के ही छक्के छूट गए, देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला वक्तव्य है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में रक्षा सौदों, राफेल विमानों की खरीद और सरकारी नीतियों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है। यदि मंत्री को राफेल की खरीद प्रक्रिया या कीमत को लेकर कोई आपत्ति है तो उन्हें तथ्यों, दस्तावेजों और प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। लेकिन रक्षा खरीद पर सवाल उठाने की आड़ में सैन्य अभियान और भारतीय वायुसेना के पराक्रम पर व्यंग्य करना उचित नहीं है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्र और राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर जिम्मेदारी तथा मर्यादा सर्वोपरि होनी चाहिए।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि भारतीय सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करते हैं और देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का संकल्प लेकर सेवा करते हैं। उनके शौर्य और बलिदान को राजनीतिक कटाक्ष का विषय बनाना किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के लिए उचित नहीं है। सेना का मनोबल और देश का राष्ट्रीय सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस मामले में अपना आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मंत्री का यह बयान प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी का अधिकृत दृष्टिकोण है? यदि ऐसा नहीं है तो सरकार को इस पर स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सम्मान के प्रश्न पर राजनीतिक चुप्पी उचित नहीं है। भारत की सेना का शौर्य किसी दल की संपत्ति नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का गौरव है। देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सैनिकों के सम्मान के विषय पर प्रत्येक जनप्रतिनिधि को अपनी जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *