डा. सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के खिलाफ युवा मोर्चा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, मुख्यमंत्री से मंत्री को बर्खास्त करने और
सार्वजनिक रूप से जवाबदेही तय करने की मांग; कल भी जारी रहेंगे विरोध प्रदर्शन


रिपब्लिक भारत न्यूज़ 23-11-2026
भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा की गई विवादित टिप्पणियों के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेशभर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डा. सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी के पुतले जलाए और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा मोर्चा ने साफ कर दिया है कि सेना के सम्मान से जुड़े इस विषय पर आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार जिम्मेदारी तय नहीं करती।
भाजयुमो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा आरोप लगाया कि वह स्वयं मंत्री जगत सिंह नेगी को संरक्षण दे रहे हैं। युवा मोर्चा का कहना है कि मुख्यमंत्री जिस प्रकार अपने मंत्री के बयान का बचाव कर रहे हैं और उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे, उससे स्पष्ट है कि पूरी सरकार मंत्री के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी केवल अपने मंत्रियों का बचाव करना नहीं, बल्कि देश की सेना और सैनिकों के सम्मान से जुड़ी भावनाओं का आदर करना भी है।

युवा मोर्चा ने सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कब तक अपने मंत्री को संरक्षण देकर इस विवाद को राजनीतिक बयानबाजी बताकर टालते रहेंगे? यदि मुख्यमंत्री को भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान पर विश्वास है तो उन्हें मंत्री जगत सिंह नेगी से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवानी चाहिए और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। सेना के सम्मान के मामले में मुख्यमंत्री की चुप्पी और मंत्री का बचाव करना प्रदेश की जनता के सामने कई सवाल खड़े करता है।
भाजयुमो ने कहा कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की आन, बान और शान है। ऑपरेशन सिंदूर जैसे सैन्य अभियान में हमारे जवानों ने जिस साहस, पराक्रम और प्रतिबद्धता का परिचय दिया, उस पर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां करना देश के करोड़ों नागरिकों और सैनिक परिवारों की भावनाओं को आहत करता है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों को राजनीतिक स्वार्थ के लिए विवादित बनाना स्वीकार्य नहीं हो सकता।
युवा मोर्चा ने कांग्रेस की राजनीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सेना और देश की उपलब्धियों पर सवाल खड़े करने की प्रवृत्ति कांग्रेस नेताओं के बयानों में बार-बार देखने को मिलती है। देश की सुरक्षा और सैनिकों के मनोबल से जुड़े विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय सभी दलों को सेना के सम्मान के लिए एकजुट होना चाहिए।
डा. सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में भाजयुमो ने ऐलान किया है कि यह आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कल भी मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा मोर्चा ने मुख्यमंत्री से स्पष्ट जवाब मांगा है कि वह मंत्री के साथ खड़े हैं या देश की सेना के सम्मान के साथ।
भाजयुमो ने दो टूक कहा कि हिमाचल प्रदेश का युवा भारतीय सेना के सम्मान के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है। देश की एकता, अखंडता, सैनिकों के शौर्य और राष्ट्रीय स्वाभिमान के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


