रिपब्लिक भारत न्यूज़ 21-08-2024
हिमाचल प्रदेश के ऊना-संतोषगढ़ रोड पर स्थित गांव जनकौर में बेसहारा पशु ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें व्यक्ति की मौत हो गई।तो वहीँ हमले के दौरान उसे बचाने आए दूसरे व्यक्ति पर भी बेसहारा पशु ने हमला कर दिया, जिससे वो घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक केवल सिंह निवासी पेखूवेला मंगलवार रात्रि जनकौर गांव से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान बेसहारा पशु ने हमला कर दिया, जिसके चलते केवल सिंह सडक़ के साथ लगते खेत में गिर गया। हमला होते देख गांव से गुजर रहे प्रेम नामक व्यक्ति ने केवल सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पशु ने उस पर भी हमला कर दिया। किसी तरह प्रेम ने मौके से भाग कर जान बचाई।
वहीं बेसहारा पशु ने केवल सिंह पर हमला कर बुरी तरह से लहुलूहान कर दिया, जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में पड़े शव को देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पशु के हमले से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल प्रेम का भी क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है।