रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-11-2024
सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल से दुखद खबर सामने आई है जहाँ माँ ने अपनी जान देकर अपने जिगर के टुकड़े को बचा लिया। दरअसल, शिलाई विधानसभा के कांडों भटनोल निवासी 28 वर्षीय अनु पुत्री साधु राम अपने 3 वर्षीय मासूम बच्चे को लेकर घास काटने गई थी।
जानकारी के मुताबिक जब महिला घास काट रही थी उसका बेटा वहां खेल रहा था। तभी अचानक रंगड़ों ने बच्चे पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला ने अपने सिर से ढाटू उतारा और बेटे पर डाल अपने जिगर के टुकड़े को सीने से लगा लिया। इस दौरान रंगड़ों ने मासूम को छोड़ कर माँ पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।
वहीँ, दूसरी और दोनों माँ-बेटे पर हुए रंगड़ों के हमले की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को लगी तो किसी तरह रंगड़ों के चंगुल से उन्हें छुड़ाया गया। जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए शिलाई अस्पताल लाया गया।
यहाँ से महिला को पांवटा सिविल अस्पताल रैफर कर दिया गया मगर उसकी जान नहीं बच सकी। हालांकि मासूम बेटा खतरे है बाहर है मगर महिला की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। उधर, महिला के शव का आज पांवटा सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया है।