रिपब्लिक भारत न्यूज़ 28-01-2025
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक सेब व्यापारी के साथ 16 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यापारी यजविंदर सिंह ने इस संबंध में रोहड़ू पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। यजविंदर सिंह ने अपनी शिकायत में उत्तर प्रदेश व बिहार के 3 व्यापारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रोहड़ू के व्यापारी की यजविंदर सिंह फ्रूट नाम से रोहड़ू की मेहंदली फल मंडी में कंपनी है। अपनी शिकायत में यजविंदर सिंह ने बताया कि वर्ष 2022-23 में गोरखपुर के राम, बिहार के परवेज आलम और बनारस के दीपक यादव ने उनसे सेब खरीदे थे। मगर आज तक भुगतान नहीं किया । यजविंदर सिंह का कहना है कि उसने इन तीनों व्यापारियों से अपने पैसे मांगे, मगर वे पहले तो टालमटोल करते रहे और अब जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार राम नवी फल मंडी गोरखपुर में दुकान नंबर बी-18 पर व्यापार करते हैं, जबकि परवेज आलम बिहार के खमेरिया में वार्ड नंबर52 के निवासी हैं। दीपक यादव बनारस में एसबी फ्रूट कंपनी के मालिक हैं।