लांसनायक मनीष ठाकुर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार:छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 04-06-2025

सिक्किम में शहीद हुए सिरमौर के लांसनायक मनीष ठाकुर की पार्थिव देह पैतृक गांव बड़ावन में पहुंची जहां आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मनीष ठाकुर की पार्थिव देह को छोटे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान हजारों लोग शहीद के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। तिरंगे में लिपटी अपने लाडले की पार्थिव देह देख परिजन बेसुध हो गए। इस दौरान लांस नायक मनीष ठाकुर अमर रहे, भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जहां पर शहीद को कुछ देर के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने एक बाइक रैली भी निकाली जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

बता दें कि इसी साल 6 मार्च को मनीष की शादी हुई थी। 10 अप्रैल को छुट्‌टी खत्म होने के बाद वह ड्यूटी पर लौटे थे। जिसके बाद 2 जून को सिक्किम के मिलिट्री कैंप में भूस्खलन की चपेट में आने से वह शहीद हो गए। 15 जनवरी 1998 को हिमाचल में एक गरीब परिवार में जन्में मनीष ठाकुर 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। इस दौरान उन्होंने 12वीं पास कर ली थी। 12वीं के रिजल्ट के तुरंत बाद ही उन्होंने भर्ती की तैयारी शुरू कर दी। इसके बाद वह सिपाही के पद पर सेना में भर्ती हो गए।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लांस नायक मनीष ठाकुर के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। डॉ. बिंदल ने कहा हिमाचल प्रदेश, जो वीरभूमि के नाम से जाना जाता है, के हजारों नौजवानों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। मनीष ठाकुर जैसे वीर सपूतों की शहादत पर हमें गर्व है। उनकी वीरता और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करेगा। इस अवसर पर शिमला से सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, पूर्व विधायकों बलदेव तोमर, जिला अध्यक्ष धीरज, प्रदेश सचिव मुनिश और पूर्व जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता उपस्थित रहे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी दुख व्यक्त किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *