रिपब्लिक भारत न्यूज़ 22-10-2025

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रामपुर से एक 13 वर्षीय एक लड़की के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। यहाँ पंचायत प्रमुख ने तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर नाबालिग के साथ दुराचार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रधान को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी प्रधान किशोरी लाल ने 15 और 17 अक्टूबर को लड़की को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65 और बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। उसने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता 21 सितंबर को स्कूल जा रही थी, तभी प्रधान किशोरी लाल ने उसे रोका और उसके हाथ में पहनी हुई ‘रुद्राक्ष माला’ के बारे में पूछा, जो उसे उसकी एक दोस्त ने उपहार में दी थी। शिकायत के मुताबिक, किशोरी लाल ने माला को छुआ और लड़की को ‘झटका’ लगा। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने दावा किया कि वह ‘तंत्र-मंत्र’ जानता है और कहा कि माला मंत्रों से पवित्र की जानी चाहिए अन्यथा उसके परिवार के सदस्य मर जाएंगे और 15 अक्टूबर को उसने लड़की को अपने घर ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस के मुताबिक, वह 17 अक्टूबर को लड़की को फिर अपने घर ले गया और दोबारा उसका यौन उत्पीड़न किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने मुस्लिम तंत्र विद्या का डर दिखाया। फिलहाल, रामपुर के पुलिस थाना झाकड़ी में भारतीय न्याय संहिता की 2023 की धारा-65 और पोक्सो एक्ट की धारा-6 के तहत मामला दर्ज कर किया है।


