नियम तोड़ने वालों पर RTO सिरमौर की बड़ी कार्रवाई; ठोका 5.49 लाख का जुर्माना

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 11-02-2026

सिरमौर जिला में  क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नाहन, सोना चंदेल के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बुधवार को उत्तराखंड सीमा से सटे मीनस, कफोटा और शिलाई क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विभाग ने कुल 5.49 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।

तड़के 6 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोना चंदेल खुद इस मोर्चे पर डटी रहीं। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम सुबह ठीक 6:00 बजे नाहन से इन दुर्गम इलाकों के लिए रवाना हो गई थी। टीम ने मीनस, कफोटा और शिलाई के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की। सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से अवैध रूप से चल रहे वाहन चालकों और टैक्स चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान पाया गया कि उत्तराखंड राज्य की अधिकतम गाड़ियां बिना वैध टैक्स और परमिट के हिमाचल की सड़कों का उपयोग कर रही थीं। विभाग ने इन वाहनों पर कड़ा शिकंजा कसते हुए भारी जुर्माना लगाया। आरटीओ नाहन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान कुल 5.49 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई है।

प्रेशर हॉर्न और ओवरलोडिंग पर सख्त वार जुर्माने के अलावा, टीम ने सुरक्षा मानकों से समझौता करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की। कई ट्रकों और निजी बसों में अवैध रूप से लगे प्रेशर हॉर्न को मौके पर ही उतरवाया गया। सोना चंदेल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ध्वनि प्रदूषण और पहाड़ी रास्तों पर खतरनाक साबित होने वाले इन उपकरणों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही ओवरलोडिंग और दस्तावेज पूरे न होने पर भी चालान किए गए।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी  सोना चंदेल ने  जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर उतरने से पहले अपने परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और टैक्स संबंधी दस्तावेज अपडेट रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि सीमावर्ती क्षेत्रों में टैक्स चोरी कर हिमाचल की सड़कों का उपयोग करने वाले बाहरी वाहनों पर विभाग की पैनी नजर है और उल्लंघन पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *