आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगियां होने की संभावना: सीपी गुरप्रीत भुल्लर
रिपब्लिक भारत न्यूज़ 06-03-2026
कुमार सोनी,अमृतसर

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पांच आधुनिक पिस्तौलों और एक तेजधार हथियार समेत छह व्यक्तियों , जिनमें एक नाबालिग है, को गिरफ्तार कर सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने दी।
उन्होंने कहा गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रोहित कुमार (18) निवासी मकबूलपुरा, अमृतसर; करनबीर सिंह उर्फ अजय (24) निवासी गांव काले तरनतारन; जश्नदीप सिंह उर्फ ज्ञानी (18), ओंकार सिंह उर्फ वंश (21) और आकाशदीप सिंह (24), तीनों निवासी गांव मरी मेघा, तरनतारन तथा 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में एक .30 बोर, एक 9 एमएम ग्लॉक, एक .30 बोर पीएक्स5, एक 9 एमएम टॉरस और एक 9 एमएम ग्रेटा (पाकिस्तान में निर्मित) तथा 34 जिंदा कारतूस शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियारों की खेप प्राप्त करते थे। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी व्यक्ति अपने हैंडलरों के निर्देश पर हथियारों की खेप प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उनकी आपूर्ति करते थे।
डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए इस मामले में आगे-पीछे का पता लगाने के लिए जांच जारी है। कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई के संबंध में विवरण साझा करते हुए कहा कि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने रोहित कुमार को एक नाबालिग समेत काबू कर उनके कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल और एक तेजधार हथियार बरामद किया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मुलजिमों ने खुलासा किया कि यह अवैध हथियार उन्हें करनबीर उर्फ अजय ने सप्लाई किया था। उन्होंने आगे बताया कि इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने उक्त मुलजिम को गिरफ्तार कर लिया।
सीपी ने कहा कि करनबीर उर्फ अजय से आगे की जांच और पूछताछ कर हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान ओंकार सिंह उर्फ वंश, आकाशदीप सिंह और जश्नदीप उर्फ ज्ञानी के रूप में हुई है और उनके पास से चार अन्य पिस्तौल बरामद हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना मकबूलपुरा अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 59 दिनांक 28-02-2026 दर्ज की गई है।
