रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-06-2026

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के तहत आने वाले डलहौजी क्षेत्र में देर रात एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए ।प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हादसा बाथरी–गोली जीरो मोड़ से आगे गंडियार के समीप पेश आया। कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से नीचे जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार में सवार दोनों व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँचे। रात के अंधेरे और दुर्गम क्षेत्र के बावजूद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त (पहचान) करने की प्रक्रिया जारी है।
प्रारंभिक जांच और गाड़ी के दस्तावेजों के आधार पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन चंबा क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुट गई है कि यह हादसा मानवीय चूक (लापरवाही) की वजह से हुआ या फिर तकनीकी खराबी के कारण।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में गहरा दुख और प्रशासन के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है किइस खतरनाक मार्ग और ब्लैक स्पॉट्स पर क्रैश बैरियर लगाए जाएं।
