रिपब्लिक भारत न्यूज़ 23-06-2024 .
हिमाचल प्रदेश की सिराज घाटी के शिकावरी गांव में एक दो मंजिला छह कमरों के स्लेटपोश रिहायशी मकान में आग लगने से पूरा मकान जलकर राख हो गया। इस मकान की एक मंजिल में देवी दुर्गा का रथ, चांदी व अन्य धातु भी जल गई। आग से नकदी और आभूषण समेत पूरा घर का सामान जल गया। आगजनी की इस घटना से 55 लाख का नुकसान आंका जा रहा है।
घटना की पुष्टि एसडीएम थुनाग ललित पोसवाल ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब एक बजे हीरा लाल पुत्र मंघ्रु राम निवासी शिकावरी के छह कमरों के दो मंजिला मकान में अचानक आग भड़क गई। इस दौरान पूरा मकान धू धू कर जल उठा। आसपास के लोग जब तक एकत्र हुए तब तक पूरा मकान भीषण आग की चपेट में आ गया और जल कर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया मगर काफी देर हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक हीरा लाल के मकान में 12 लाख की नकदी जो देवी और उनके संयुक्त थे, आभूषण 20 लाख रुपये के, देवरथ की चांदी नौ किलो कीमत छह लाख तीस हजार, देवी के व अपने बर्तन तीन लाख तीस हजार, घर का सामान तेरह लाख सैंतीस हजार जलकर राख हो गए।
प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से अंतरिम राहत के रूप में दस हजार रुपये दिया गया। एसएचओ जंजैहली रूप चंद ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रहा है।