भाजपा मंडल पांवटा की मासिक बैठक सम्पन्न, 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 07-08-2026

भारतीय जनता पार्टी मंडल पांवटा साहिब की मासिक बैठक आज पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह, पांवटा साहिब में मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, जनहित से जुड़े विषयों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक का मुख्य केंद्र 9 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा तथा 8 अगस्त को प्रदेश सरकार के खिलाफ खराब सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर आयोजित किए जाने वाले आक्रोश प्रदर्शनों की तैयारियां रहीं।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा को पूरे पांवटा विधानसभा क्षेत्र का ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन बनाया जाएगा। सभी मंडल पदाधिकारियों, मोर्चों के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में युवाओं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, देश के वीर शहीदों के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।

बैठक में जानकारी दी गई कि तिरंगा यात्रा का एकत्रीकरण प्रातः 9:30 बजे शहीद स्मारक, अमरगढ़-सूरजपुर में होगा। इसके उपरांत यात्रा बद्रीपुर, मेन बाजार, बागरण चौक, शहीद स्मारक बेड़ेवाला होते हुए मानपुर देवड़ा में सम्पन्न होगी। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा लेकर इस यात्रा में शामिल हों तथा इसे राष्ट्रभक्ति का एक ऐतिहासिक आयोजन बनाएं।

बैठक में 8 अगस्त को पांवटा विधानसभा क्षेत्र में खराब एवं जर्जर सड़कों की बदहाल स्थिति के विरोध में आयोजित होने वाले आक्रोश प्रदर्शनों की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया। निर्णय लिया गया कि प्रातः 10:00 बजे अंबोया, दोपहर 12:00 बजे गोजर तथा दोपहर 2:00 बजे नवादा में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। बैठक में कहा गया कि प्रदेश सरकार एवं लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण क्षेत्र की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आम जनता, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा इन जनसमस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज बनकर मजबूती से उठाएगी।

इस अवसर पर पांवटा साहिब के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक है और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अपने संबोधन में विधायक सुखराम चौधरी ने डीएमएफटी (District Mineral Foundation Trust) के माध्यम से पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लिए स्वीकृत लगभग 2 करोड़ रुपये की विकास राशि का विस्तृत विवरण भी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि इस राशि से विभिन्न पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा जनहित से जुड़े अनेक विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विकास एवं जनकल्याण की राजनीति में विश्वास रखती है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सुखराम चौधरी ने अपने संबोधन में संगठनात्मक अनुशासन पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित संगठन है और प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह अपने आचरण, व्यवहार एवं कार्यशैली से संगठन की गरिमा को बनाए रखे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई पदाधिकारी या कार्यकर्ता ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है जिससे समाज में संगठन के प्रति गलत संदेश जाता हो, अनुशासन भंग होता हो अथवा पार्टी की छवि धूमिल होती हो, तो ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति एवं अनुशासन का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा करते हुए सुनील चौधरी को भाजपा मंडल पांवटा का वरिष्ठ मीडिया प्रभारी तथा राजेंद्र चौधरी को भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा मंडल महामंत्री नियुक्त किया गया। मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने दोनों पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी सभी कार्यक्रमों को पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं संगठनात्मक भावना के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, प्रदेश ओबीसी मोर्चा महामंत्री सुभाष चौधरी, प्रदेश औद्योगिक प्रकोष्ठ सह-संयोजक मदन मोहन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनिल सैनी, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता सहित मंडल एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *