रिपब्लिक भारत न्यूज़ 26-08-2026
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर शुरू हुआ विवाद पर अब सीएम के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस पहुंच गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बताया कि विपक्ष ने सीएम के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सीएम सुक्खू ने विधानसभा में प्रदेश की 75 लाख जनता के प्रतिनिधियों के खिलाफ झूठ बोला।


जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्र शुरू होने से पहले ही सीएम ने स्पष्ट संदेश दे दिया था कि सदन में वंदेमातरम नहीं गाया जाएगा। हालांकि, सत्र शुरू होने पर सदन में राष्ट्रगान सभी ने सम्मान के साथ गाया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने के बाद संपूर्ण वंदेमातरम हुआ और राष्ट्रगान भी गाया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि बार-बार आग्रह करने के बाद राष्ट्रगान से जुड़ी वीडियो फुटेज उन्हें मिली। उनका कहना था कि यदि विपक्ष के किसी सदस्य ने राष्ट्रगान का अपमान किया है तो वे स्वयं उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम क्षमा मांगते हैं तो वह इस मामले को छोड़ देंगे, लेकिन सीएम कानून से ऊपर नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने उम्मीद जताई कि विधानसभा अध्यक्ष विशेषाधिकार हनन के नोटिस पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।
जयराम ठाकुर ने बिना नाम लिए मंत्री जगत सिंह नेगी पर भी निशाना साधा और कहा कि मंत्री तर्क नहीं, कुतर्क दे रहे हैं। उन्होंने सीएम पर भी कुतर्क करने का आरोप लगाया। साथ ही सवाल उठाया कि जिन प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार है, वहां राष्ट्रगीत गाने से परहेज क्यों किया जाता है।
