शिलाई गोलीकांड: खजान सिंह हत्याकांड में नाहन से पकड़े दो और आरोपी विशाल और फरिह्या शेख

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 23-11-2026

सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में 10 नवंबर 2026 को  खजान सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। गोली मारकर हत्या करने के इस मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर को अभियोग संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरमौर पुलिस ने गहन जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर अन्वेषण आगे बढ़ाया। पुलिस ने इस मामले में 18 नवंबर को मुख्य आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड़, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार किया था।

जांच के दौरान SIT को वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने 22 नवंबर को दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार पुत्र पूरन चंद निवासी मोहल्ला अमरपुर, शिवपुरी मार्ग, नाहन और फरिह्या शेख पत्नी अंजुमान शेख निवासी घुन्नू घाट, मॉल रोड के नजदीक, नाहन के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।

सिरमौर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की पड़ताल करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *