हिमाचल के तकनीकी संस्थानों में अब 5 साल के लिए होगी शिक्षकों की भर्ती, राज्य चयन आयोग लेगा परीक्षा 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 23-11-2026

सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से हिमाचल सरकार ने एंगेजमेंट पॉलिसी-2026 अधिसूचित कर दी है। तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी इस नीति के तहत प्रदेश के आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में जरूरत के अनुसार अस्थायी शिक्षकों की नियुक्तियां की जाएंगी।

नई व्यवस्था में सहायक शिल्प अनुदेशक, सहायक व्याख्याता और जूनियर प्रोफेसर के पद शामिल किए गए हैं। इन पदों पर चयन हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से खुली प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करके होगा। भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर का भी पालन किया जाएगा। हालांकि, इस व्यवस्था के तहत कोई नया नियमित पद सृजित नहीं होगा।

नीति के अनुसार चयनित शिक्षकों को शुरुआत में एक वर्ष के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद संबंधित संस्थान की जरूरत और शिक्षक के कार्य प्रदर्शन को देखते हुए निदेशक तकनीकी शिक्षा वर्ष-दर-वर्ष सेवा विस्तार दे सकेंगे। हालांकि, किसी भी स्थिति में यह अवधि पांच वर्ष से अधिक नहीं होगी।

पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद नियुक्ति स्वतः समाप्त मानी जाएगी। ये पद अस्थायी और गैर-कैडर श्रेणी के होंगे। ऐसे में नियुक्त शिक्षकों को भविष्य में नियमितीकरण या किसी अन्य पद पर समायोजन का अधिकार नहीं मिलेगा।

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

चयनित अभ्यर्थियों को नियमित कर्मचारियों की तरह वेतनमान और भत्ते नहीं दिए जाएंगे, बल्कि सरकार की ओर से निर्धारित मासिक मानदेय का भुगतान किया जाएगा।

हर साल 100 अंकों पर परखा जाएगा काम

अस्थायी शिक्षकों को सेवा विस्तार देने का फैसला उनके वार्षिक प्रदर्शन के आधार पर होगा। इसके लिए 100 अंकों की मूल्यांकन व्यवस्था बनाई गई है। इसमें शिक्षण की गुणवत्ता, प्रयोगशाला प्रबंधन, अनुशासन और समय की पाबंदी जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा।

70 या इससे अधिक अंक: सेवा विस्तार के लिए पात्र।
50 से 69 अंक: प्रदर्शन में सुधार का अवसर।
50 से कम अंक: सेवाएं समाप्त की जा सकेंगी।

साल में नौ दिन की अनुपस्थिति पर नहीं कटेगा मानदेय

अस्थायी शिक्षकों को नियमित कर्मचारियों की तरह अवकाश की सुविधा नहीं मिलेगी। हालांकि, उचित कारण होने पर संस्थान प्रमुख 12 महीने की अवधि में अधिकतम नौ दिन की अनुपस्थिति की अनुमति दे सकेंगे। इस स्वीकृत अवधि के दौरान उनके मानदेय में कटौती नहीं होगी।

इसके अलावा सरकारी कार्य के लिए यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता (टीए-डीए), कानून के तहत पात्रता के अनुसार मातृत्व एवं पितृत्व लाभ तथा हिमकेयर या आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा।

10 दिन का नोटिस देकर खत्म हो सकती है नियुक्ति

नई नीति में नियुक्ति समाप्त करने को लेकर भी प्रावधान किए गए हैं। शिक्षक स्वयं या सक्षम प्राधिकारी 10 दिन का लिखित नोटिस देकर नियुक्ति समाप्त कर सकते हैं। इसके विकल्प के तौर पर 10 दिनों के बराबर मानदेय देकर भी सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं।

वहीं, कदाचार, फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने या कार्य प्रदर्शन असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में उचित सुनवाई के बाद तत्काल नियुक्ति समाप्त करने का प्रावधान रखा गया है।

तीन साल तक प्रभावी रहेगी नई नीति

सरकार की ओर से अधिसूचित एंगेजमेंट पॉलिसी-2026 अधिसूचना जारी होने की तारीख से तीन वर्ष तक प्रभावी रहेगी। इस नीति के लागू होने से तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की अस्थायी नियुक्तियों के लिए चयन प्रक्रिया एक निर्धारित व्यवस्था के तहत संचालित होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *