रिपब्लिक भारत न्यूज़ 06-09-2024
कांगड़ा में आठवीं कक्षा के एक छात्र की मौत गले में गुब्बारा फंसने से हो गई। वीरवार सुबह वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिद्धपुरघाड़ का छात्र विवेक कुमार स्कूल के गेट के बाहर गुब्बारा फुला रहा था। इस दौरान गुब्बारा अचानक गले में फंस गया। इससे उसे सांस लेने में दिक्कत आने लगी। अन्य छात्रों ने तुरंत शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। शिक्षक छात्र को तुरंत नजदीक के निजी अस्पताल ले गए।
विवेक की नाजुक हालत देख परिजन उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि यहां पर चिकित्सकों ने छात्र के गले से गुब्बारा तो निकाल दिया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। रात करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। 13 साल के बच्चे की मौत ने सबको झकझोर कर रखा दिया है। परिजन ही नहीं, स्कूल के शिक्षक भी बच्चे की मौत से गम में हैं।
विवेक कुमार के पिता मजदूरी करते हैं और माता गृहिणी है। प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि विवेक को बचाने के लिए डॉक्टरों ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।