दर्दनाक हादसा: शादी समारोह से लौटते कार हादसे में दो भाईयों सहित तीन की मौत , 2 घायल 

रिपब्लिक भारत न्यूज़ 19-11-2024

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के  भरमौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में  एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई । यह हादसा देर रात भरमौर-भरमाणी सड़क पर पेश आया । इस हादसे में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई जबकि  2 व्यक्ति घायल हुए हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले दो सगे भाई थे। घायलों में एक का इलाज सिविल अस्पताल भरमौर  में चल रहा है। जबकि, दूसरे की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। मृतकों की पहचान तृप्ता देवी पत्नी विजय कुमार, कमलेश कुमार पुत्र धर्म सिंह और चालक विजय कुमार निवासी संचुई, तहसील भरमौर के रूप में हुई है।

हादसे में विजय कुमार की बेटी नंदिनी देवी घायल हुई है। नंदिनी का सिविल अस्पताल भरमौर में उपचार चल रहा है। वहीं, कार में सवार एक अन्य शिवकुमार पुत्र मान सिंह की हालत को गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही  पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देर रात तक शवों को खाई से निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों का भरमौर में आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *