रिपब्लिक भारत न्यूज़ 19-11-2024
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की नूरपुर पुलिस ने ड्रग तस्कर सोहन सिंह उर्फ सोहनी पुत्र होशियार सिंह निवासी गांव टियूकर तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा की 1 करोड़ 42 लाख 37 हज़ार रुपए की चल-अचल संपत्ति को जब्त कर लिया है।
पुलिस द्वारा सोहन सिंह की अवैध संपत्तियों की वित्तीय जांच करवाई गई थी। जिसके बाद नूरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की अचल-संपत्ति संपत्ति को जब्त कर लिया।
दरअसल, नूरपुर पुलिस ने 23 दिसंबर को पुलिस स्टेशन ज्वाली के अंतर्गत अमणी में नाकाबंदी के दौरान गाडी सवार जिला मंडी के गांव जिल्हन निवासी श्याम लाल पुत्र शुन्का राम को 1 किलो 0.43 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया था।
इस दौरान पुलिस ने जब जांच की तो मामले में सोहन सिंह को भी घाटी बैरियर नजदीक पौंग डैम से गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद जिला पुलिस नूरपुर ने सोहन सिंह की चल-अचल संपत्ति की वित्तीय जांच करवाई और कुल 1 करोड़, 42 लाख, 37 हजार 322 रुपए की संपत्ति को जब्त कर लिया गया।