रिपब्लिक भारत न्यूज़ 17-02-2025
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बढ़ती गर्मी से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। 19 फरवरी की देर रात ऊंचाई वाले क्षत्रों में बर्फ़बारी और मैदान में बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि 19 फरवरी की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे लगभग दो दिन तक हिमाचल प्रदेश के मैदानी एवं मध्यवर्ती इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है।
इसका असर 21 फरवरी की दोपहर तक देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। इस बारिश और बर्फ़बारी से प्रदेश के लोगों को सूखे जैसे हालातों से भी राहत मिलेगी।