रिपब्लिक भारत न्यूज़ 19-02-2025
सिरमौर जिला के उपमंडल राजगढ़ में नेपाली मूल के व्यक्ति अब लोगों से मनमानी दैनिक मजदूरी नहीं मांग पाएंगे। इसके लिए नगर पंचायत राजगढ़ में एक बैठक का आयोजन किया गया इस बैठक की अध्यक्षता एस.डी.एम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने की। इस बैठक में राजगढ़ क्षेत्र में नेपाल मूल के व्यक्तियो के मजदूरी बारे विचार विमर्श किया गया।
राजगढ़ नगर पंचायत की चेयरमैन ज्योति साहनी ने बताया कि लोगों से उनके द्वारा मनमर्जी की मजदूरी वसूली जा रही थी। अब ग्रामीण क्षेत्र में 600 रुपये और शहरी क्षेत्र में 700 रूपये की दिहाड़ी निश्चित की गई है। इसके अलावा, काम का समय सुबह 9:00 से 5:00 तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद अगर कोई काम करता है तो उसे प्रति घंटे के हिसाब से अतिरिक्त पैसा दिया जाएगा। नगर पंचायत में 28 फरवरी तक उनकी रजिस्ट्रेशन भी की जा रही है उसके बाद बिना रजिस्ट्रेशन से रहने वाले पर कार्यवाही की जाएगी।
वहीँ गोरखा संगठन राजगढ़ ने भी लोगों से अपील की है कि वे नेपाली मजदूरों की आई.डी जरूर चेक करें और बिना आई.डी वाले को दिहाड़ी पर न लगाएं। यदि कोई व्यक्ति बिना आई.डी वाले को दिहाड़ी पर लगाता है और उसके साथ कोई घटना होती है, तो उसका जिम्मेदार वह स्वयं होगा।
इस बैठक में राजगढ़ पुलिस थाना प्रभारी, व्यापार मंडल राजगढ़ अध्यक्ष, नगर पंचायत के वार्ड मेंबर गोरखा संगठन के लोग उपस्थित रहे।