रिपब्लिक भारत न्यूज़ 22-03-2025
आज नई दिल्ली में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने गृह मंत्री से मानसून में भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान प्रदेश को हुए भारी नुकसान के लिए मुआवजा जारी करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा उपरांत आवश्यकता मूल्यांकन वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है लेकिन केंद्र सरकार द्वारा अभी तक राहत राशि प्रदान नहीं की गई है।
केन्द्रीय मंत्री को सीएम सुक्खू ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के दौरान पेयजल, सिंचाई योजनाएं, अधोसंरचना, सड़कों और पुलों को भारी क्षति पहुंची थी। प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों का उपयोग कर जन जीवन सामान्य करने के लिए राहत और पुनर्वास कार्य किए।
सीएम ने केन्द्रीय मंत्री के साथ प्रदेश हित से जुड़े विभिन्न मामलों पर भी चर्चा की। गृह मंत्री ने प्रदेश को हर सम्भव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। बैठक में सीएम सुक्खू के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजस्व ओंकार चंद शर्मा उपस्थित थे।