रिपब्लिक भारत न्यूज़ 13-04-2025
हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर आज सुबह करीब 4 बजे एक बड़ा हादसा हुआ है। दिल्ली से कसोल जा रही पर्यटकों से भरी एक वोल्वो बस मंडी से पंडोह के बीच चार मील के पास पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलट गई।
बस में सवार करीब 35 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बाकी यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि तेज गति के कारण ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पहाड़ी से टकराकर पलट गई।