रिपब्लिक भारत न्यूज़ 03-09-2025
हिमाचल के जिला सोलन के ग्राम पंचायत भावगुडी के बस्तला गांव में भारी बारिश के चलते मकान गिर गया। हादसे में मकान के भीतर सो रही महिला की मौत हो गई है। महिला की पहचान 40 वर्षीया हेमलता के रूप में की गई है। महिला के परिवार में पीछे तीन बेटियां, एक बेटा और 85 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग महिला भी है। वहीं प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार कृष्णगढ़ सूरत सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का दौरा किया तथा प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है।
इसके अलावा अर्की इलाके में भी बारिश का कहर देखने को मिला। यहां एक मकान भारी बारिश के कारण पूरी तरह से जमींदोज हो गया। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन घर के गिरने से लाखों रुपए का नुक्सान आंका जा रहा है।
कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में भूस्खलन के कारण एक इमारत भरभरा कर गिर गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ।भवन खतरे की जद में था और पहले से ही खाली था। इस भवन के आसपास के भवन साल 2023 में भूस्खलन की चपेट में आकर ढह गए थे।
एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने बताया कि वे जल्द ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अगर आसपास की अन्य इमारतों को भी खतरा महसूस हुआ तो वहां रह रहे लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।